जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 9 बजे लोहारांगी पेट्रोल पंप के समीप टेंपो और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में 25 वर्षीय मौसम शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब घायल को ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही 108 एंबुलेंस सेवा समय पर उपलब्ध कराई गई। इससे नाराज लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अंततः परिजनों को घायल युवक को निजी वाहन से धनबाद ले जाना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच कर समय पर इलाज और एंबुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………..

