जामताड़ा के नाला में भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुवार को उत्साह और जोश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी माधव महतो तथा पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल मुख्य रूप से शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष की ओर से भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि तिरंगा यात्रा किसी पार्टी विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे देश का आयोजन है। तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी जाति और धर्म के लोग उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हो रहे हैं, जो देश की एकता के लिए सकारात्मक संदेश है।
वहीं, पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने झारखंड में जेबीसीसीई परीक्षा को लेकर कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मामले में जवाब देने की मांग की।


