जामताड़ा: नाला प्रखंड मुख्यालय स्थित नेताजी स्टेडियम मैदान में सोमवार को श्रीश्री प्रखंड सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। समिति के पुरोहित गणेश भट्टाचार्य ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद समिति के सदस्यों ने बांस खड़ा कर पंडाल निर्माण की नींव रखी और प्रसाद का वितरण किया।समिति के सचिव संजीव ठाकुर ने बताया कि शुभ योग में वास्तु पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता उर्फ टिंकू ने बताया कि यहां वर्ष 2010 से मां दुर्गा की पूजा भव्य तरीके से की जा रही है। पूजा के दौरान पंडाल निर्माण के साथ मेला का आयोजन भी होता है।उन्होंने बताया कि पूर्व के वर्षों में पंडाल निर्माण का कार्य स्टेडियम द्वारा कराया जाता था। इस बार समिति के निर्णय के अनुसार पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी संजय पाल को दी गई है। उनके कुशल कारीगर पंडाल को भव्य स्वरूप देंगे। मौके पर उज्ज्वल मंडल, विकास बनर्जी, राजेश साधु, गौतम ठाकुर, मनोज मंडल, सोमनाथ खा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
