जामताड़ा। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के पागला जोरिया में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जोरिया के पास भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर बिंदापाथर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से महिला के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव मिलने की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बिंदापाथर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
