जामताड़ा_शनिवार को जामताड़ा जिले के गोविंदपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर पोसोई मोड़ के पास आदिवासी नेता सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में देशमांझी परगना बाईसी संगठन द्वारा जोरदार सड़क जाम किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष जगदीश मुर्मू के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों से आए आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन ठप कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी हुई। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की और हत्या के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी सजा व फांसी की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो व नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक आश्वासन के बाद दोपहर करीब 2 बजे सड़क जाम समाप्त हुआ। आंदोलनकारियों ने जल्द न्याय नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
