जामताड़ा: बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), दुमका की टीम पहुंची और बागडेहरी थाने में कार्यरत चौकीदार शरद गोप उर्फ एनका के घर एवं संपत्ति की जांच की। एसीबी टीम के गांव पहुंचने की खबर फैलते ही ग्रामीणों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुमका एसीबी के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चौकीदार के घर और संपत्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि काफी समय पूर्व चौकीदार शरद गोप के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायत सामने आई थी। लंबे समय बाद एसीबी की टीम द्वारा जांच किए जाने को इसी शिकायत से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, स्थानीय पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर एसीबी अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि दुमका एसीबी की टीम द्वारा मुड़ाबेड़िया निवासी चौकीदार शरद गोप के घर और संपत्ति की जांच किए जाने की सूचना मिली है। फिलहाल एसीबी की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट…………
