जामताड़ा: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को बनगड़ी, फतेहपुर एवं खिजुरिया गांव से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में बिरादराने इस्लाम के लोग शामिल हुए। जुलूस पूरे फतेहपुर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए आगे बढ़ा।जुलूस के दौरान लोगों ने धार्मिक नारों के साथ “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “फतेहपुर जिंदाबाद” जैसे देशभक्ति के नारे भी लगाए। इससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा।जुलूस में शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर निगरानी रखी गई। फतेहपुर प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी जुलूस के साथ मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।जुलूस के समापन के बाद सभी लोग फतेहपुर कब्रिस्तान पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से दुआ की गई। लोगों ने अमन-चैन, आपसी भाईचारे और क्षेत्र की खुशहाली की दुआ मांगी।मौके पर मौलाना शमशीर, मौलाना जुल्फिकार, मौलाना मुजफ्फर, अनवर, अफजल, सईम, तबारक, इकरामुल, शमशेर, गुलाम अकबर, मसीरुद्दीन, हिदायत, अख्तर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समुदाय के लोग मौजूद रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान फतेहपुर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सौहार्द और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
