जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए बदनाम जामताड़ा जिले में अब साइबर थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और नकदी बरामद की गई है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बैंक अधिकारी बनकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मठटांड, काशीटांड और बांसपहाड़ी गांव में छापेमारी कर विष्णु मंडल, सचिन मंडल और सागर नायक को गिरफ्तार किया। वहीं नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकानियां गांव में कार्रवाई करते हुए किशोर दास और विश्वजीत दास को पकड़ा गया। गिरफ्तार विश्वजीत दास पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, पश्चिम वर्धमान का रहने वाला बताया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 मोबाइल फोन, 14 फर्जी सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से खाते की गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और फिर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सागर नायक और विश्वजीत दास पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं, लेकिन बाहर आने के बाद फिर से अपराध में सक्रिय हो गए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट……..
