मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, प्रशासन के आश्वासन पर हटाया जाम…..
जामताड़ा। नाला प्रखंड क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान एकलब्यपुर निवासी प्रदीप मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रदीप मंडल और बहादुरडीह निवासी एक अन्य व्यक्ति रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायल को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर अस्पताल भेजा गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क किनारे रखकर जाम कर दिया और मुआवजे व न्याय की मांग की। सूचना पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल और नाला विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए दोषी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की।
नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है और बॉर्डर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाद में प्रशासन के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेज दिया।
