उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश………
पाकुड़ जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को मेजर एवं माइनर मिनरल्स से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खनिज परिवहन में लगे वाहनों एवं चालानों की नियमित जांच, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण मानकों के पालन, कोयला चोरी पर रोक, तिरपाल से ढककर कोयला परिवहन, सीपीग्राम एवं पीजी पोर्टल की शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन तथा सभी चेकपोस्टों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए 15 अक्टूबर तक सभी निर्धारित मानकों को पूरा करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच, रात्रिकालीन गश्ती और प्रशासन के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
