पाकुड़िया। झामुमो प्रखंड कार्यालय पाकुड़िया में मंगलवार को प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा की अध्यक्षता में पार्टी की आपातकालीन बैठक हुई। बैठक में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, जिला पर्यवेक्षक सह जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे और बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष देबीलाल हंसदाक समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में आगामी 19 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। पंचायत अध्यक्षों और सचिवों को पंचायत व गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने विधेयक को राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने वाला बताते हुए कहा कि झारखंड खनिज आधारित राज्य है और खनन से राज्य को बड़ा राजस्व प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि विधेयक के संभावित प्रभावों से राज्य की आर्थिक स्थिति और जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से लंबी लड़ाई लड़ेगा।
जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे और देबीलाल हंसदाक ने भी शांतिपूर्ण व व्यापक जनभागीदारी के साथ धरना सफल बनाने की अपील की। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
