पाकुड़। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में 2 सितंबर को हुई हथियारबंद लूटकांड का पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में छह टीमों की SIT गठित की गई थी। टीम ने मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवघर निवासी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव, बांका निवासी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव और कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के पांच और .315 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब एक किलो चांदी के आभूषण, जेवर रखने के ट्रे व डब्बे, आभूषण नापने की मशीन, 12,700 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। मुख्य आरोपी प्रवीण का देवघर, गोड्डा, जामताड़ा और बोकारो में कई आपराधिक मामलों का इतिहास रहा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
