माइक्रो फाइनेंस लूटकांड का मास्टरमाइंड पूर्व कर्मी गिरफ्तार,2.68 लाख बरामद……….
पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर महेशपुर लूटकांड का सनसनीखेज खुलासा किया। एसपी ने बताया कि लूट की इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उसी कंपनी का पूर्व कर्मी मनोरंजन कुमार निकला। मनोरंजन ‘फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस’ कंपनी में पहले काम कर चुका था और उसे कंपनी के कैश कलेक्शन के रास्तों और समय की पूरी जानकारी थी। एसपी ने तंज कसते हुए कहा कि अपराधी ने “जिस थाली में खाया, उसी में छेद करने की कोशिश की,” लेकिन अब वह सलाखों के पीछे है।
हादसे ने बिगाड़ा खेल, अस्पताल में धरे गए अपराधी
एसपी ने जानकारी दी कि 16 फरवरी की रात करीब 8:00 बजे महेशपुर सिनेमा हॉल के पास वादी अनूप कुमार भगत के सिर पर पिस्टल से वार कर 3.40 लाख रुपये लूटे गए थे। वारदात के बाद भाग रहे मनोरंजन कुमार और उसका साथी लालू यादव सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। 17 फरवरी को काठीकुंड थाना प्रभारी की सूचना पर जब एसडीपीओ विजय कुमार की SIT टीम अस्पताल पहुंची, तो अपराधियों के हुलिए और बाइक के मिलान ने सारा राज खोल दिया।
पूर्व कर्मी को पता था कब निकलता है कैश
पूछताछ में पता चला कि मनोरंजन कुमार ने कुछ समय पहले ही कंपनी का काम छोड़ा था। उसे पता था कि कर्मी कब और कितना कैश लेकर निकलता है। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने इनके पास से 2.68 लाख रुपये नकद, एक 9mm पिस्टल और घटना में इस्तेमाल बाइक (JH11 AR 3827) बरामद कर ली है।
पकड़े गए अपराधी में मनोरंजन कुमार: निवासी थाड़ीलपरा, देवघर (पूर्व कर्मी) एवं लालू यादव: निवासी विष्णुडीह, गिरिडीह शामिल हैं।एसपी का संदेश: प्रेस वार्ता के दौरान एसपी निधि द्विवेदी ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

