फर्जी दस्तावेज से आधार बनाने का गोरखधंधा उजागर।
पाकुड़: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम काकरबोना में एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पर अवैध रूप से आधार कार्ड नवीकरण और सुधार किए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सीएसपी संचालक मोस्ताक शेख को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि काकरबोना स्थित सीएसपी केंद्र पर नियमों को दरकिनार कर आधार से जुड़ा कार्य किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद प्रशासनिक टीम ने पुलिस के साथ मौके पर छापेमारी की। इस दौरान आधार नवीकरण और सुधार में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मोस्ताक शेख ने स्वीकार किया कि उसका भाई सब्बीर शेख, जो साहेबगंज जिले में अधिकृत आधार ऑपरेटर है, उसकी सरकारी आईडी का दुरुपयोग कर पाकुड़ जिले में अवैध रूप से आधार नवीकरण और सुधार का कार्य किया जा रहा था। बिना किसी आधिकारिक अनुमति के यह पूरा काम संचालित किया जा रहा था। इस मामले में यूआईडीएआई कार्यालय के जिला परियोजना पदाधिकारी रितेश कुमार श्रीवास्तव के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
संगठित नेटवर्क की आशंका
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से जिले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड बनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। मीडिया में मामला सामने आने के बाद उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम साइमन मारंडी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने कई सीएसपी केंद्रों पर छापेमारी की थी।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और पाकुड़ प्रखंड के कुछ इलाकों में बाहरी लोगों को स्थानीय निवासी दिखाने के लिए अवैध रूप से आधार संशोधन किए जाने की जानकारी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। अब इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासन और पुलिस की चुनौती पूरे नेटवर्क का खुलासा करना है।
