पाकुड़: अवैध खनन और बिना चालान पत्थर परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ संयुक्त छापेमारी कर हिरणपुर के सितपहाड़ी के निकट बिना माइनिंग चालान के पत्थर लदे एक हाइवा को जब्त कर थाना को सुपुर्द कर दिया।जानकारी के अनुसार सितपहाड़ी–मंझलाडीह पथ पर औचक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान हाइवा संख्या जेएच 16 जे 4390 को रोका गया। जांच के क्रम में वाहन में करीब 500 घनफुट पत्थर चिप्स लदा पाया गया, लेकिन संबंधित माइनिंग चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही चालक मौके से फरार हो गया।
खनन विभाग ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि राजस्व की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना चालान पत्थर परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।बताया जा रहा है कि शहरग्राम–डांगापाड़ा पथ पर भी बिना चालान पत्थर लदे वाहनों का परिचालन जारी है, जिसकी जांच आवश्यक है। साथ ही जिस क्रशर से बिना वैध कागजात के पत्थर लोड किया गया, उसके संचालक पर भी कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
