घर के पास बने कच्चे शॉकपिट ने ली केशव की जान
पाकुड़: गोविंदपुर गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में डेढ़ साल के मासूम की जान चली गई। घर के पास बने कच्चे शॉकपिट में डूबने से विकास पंडित के एकमात्र पुत्र केशव पंडित की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने घर के पास घरेलू गंदे पानी की निकासी के लिए करीब डेढ़ फीट गहरा कच्चा शॉकपिट बना रखा था, जिसमें हमेशा पानी जमा रहता था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे मासूम केशव आंगन में खेल रहा था, जबकि उसकी मां प्रीति कुमारी घर के आंगन में घरेलू काम में लगी हुई थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा धीरे-धीरे शॉकपिट के पास पहुंच गया और असंतुलित होकर उसमें गिर पड़ा।
परिजन इस बात से अनजान रहे। कुछ देर बाद पड़ोसियों की नजर शॉकपिट में गिरे बच्चे पर पड़ी। आनन-फानन में मां को सूचना दी गई। परिवार के लोग बच्चे को बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।घटना के समय बच्चे के पिता विकास पंडित हिरणपुर बाजार में मजदूरी करने गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद जैसे ही वे घर पहुंचे, परिवार में कोहराम मच गया। एकलौते बेटे की मौत से माता-पिता सदमे में हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने गांव में असुरक्षित शॉकपिट और खुले गड्ढों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
