23 फरवरी को मतदान,संवेदनशील बूथों पर पैनी नजर रखें,मुस्तैदी से निभाएं ड्यूटी: एसपी
पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव 23 फरवरी को होने वाला है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।चुनाव से पहले पाकुड़ पुलिस लाइन परिसर में एसपी निधि द्विवेदी ने तैनात सुरक्षाकर्मियों को विशेष ब्रीफिंग दी।ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निष्पक्षता, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या अराजक तत्वों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखने, गश्ती दल को सक्रिय रखने और मतदान केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया। साथ ही सुरक्षाकर्मियों को आम मतदाताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।एसपी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की पूरी तैयारी है और जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम साइमन मरांडी,एसडीपीओ दयानंद आजाद, डीएसपी जितेंद्र कुमार, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

