पाकुड़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में 10 से 13 अगस्त तक आयोजित परेड पूर्वाभ्यास का गुरुवार को उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी तथा परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास का जायजा लिया।उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की तैयारियों, अनुशासन, सुरक्षा एवं समारोह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं भव्य तरीके से आयोजित किया जाना है। उन्होंने परेड की सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।उन्होंने परेड में शामिल जवानों एवं प्रतिभागियों को बेहतर तालमेल, अनुशासन और समर्पण के साथ पूर्वाभ्यास करने को कहा। साथ ही समारोह के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिला प्रशासन द्वारा 15 अगस्त को रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम, पाकुड़ में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समारोह को सफल एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है।


