पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा में सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर खड़ी एक कार शनिवार देर रात चोरी हो गई। घटना मुख्य सड़क पर हुई, जो पाकुड़ की ओर जाती है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा निवासी मोटरसाइकिल गैरेज संचालक सफीक अंसारी ने अपने परिचित (गिरिडीह जिले के मोहनपुर पचमा निवासी) से उपयोग के लिए मारुति ऑल्टो कार (नंबर: JH 10 P 8931) ली थी। शनिवार शाम रोज की तरह गैरेज बंद करने के बाद उन्होंने कार को गैरेज के बगल सड़क किनारे खड़ा कर दिया और घर चले गए।रविवार सुबह करीब 9 बजे जब वे गैरेज पहुंचे तो कार गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सफीक अंसारी ने अमड़ापाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की सूचना दी।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना से चंद कदम की दूरी पर इस तरह की घटना हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और मुख्य सड़कों पर निगरानी कड़ी करने की मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
