पाकुड़। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पाकुड़िया प्रखंड कमेटी की बैठक प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान और संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे तथा बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हंसदाक मौजूद रहे।उपासना मरांडी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बीएलए-2 और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगों को जागरूक करने तथा दस्तावेज संबंधी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना जरूरी है।हरिवंश चौबे ने कार्यकर्ताओं से गांव, टोला और मोहल्लों में अभियान चलाकर सभी योग्य मतदाताओं का नाम जुड़वाने का संकल्प लेने की अपील की। वहीं देबीलाल हंसदाक ने अभियान को युद्धस्तर पर चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए।बैठक में प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
