पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर के सिंधीपाड़ा मोहल्ले का है, जहां बीती रात शातिर चोरों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो सूने मकानों में लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने लॉक कटर से दोनों घरों के दरवाजों के ताले काटे और अंदर रखे नकद, जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, चोरों ने सिंधीपाड़ा निवासी मृदुल भट्टाचार्य और अमित कुमार के घरों को निशाना बनाया। पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोरों ने घर में रखे लॉकर और अलमारियां तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य मूल्यवान सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान का आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन नुकसान लाखों रुपये का होने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़ के एसडीपीओ कुमार गौरव और नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। फुटेज में एक बदमाश लुंगी और दूसरा फुल पैंट पहने दिखाई दे रहा है, जबकि दोनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था।एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है। इधर, शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


