पाकुड़। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सितंबर माह में आयोजित तीन रक्तदान शिविरों को जिलेवासियों का व्यापक और उत्साहजनक सहयोग मिला। 18 सितंबर, 24 सितंबर एवं 28 सितंबर 2026 को आयोजित इन शिविरों में कुल 306 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविरों की सफलता पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे मानवीय कार्य में लोगों की बढ़-चढ़कर भागीदारी समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाती है। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में इस तरह के अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपायुक्त ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ), विभिन्न फाउंडेशन तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी से ही ऐसे सामाजिक अभियानों को सफल बनाया जा सकता है।
जिला प्रशासन की ओर से भविष्य में भी रक्तदान एवं जनहित से जुड़े अभियानों में लोगों से इसी तरह सक्रिय सहभागिता की अपील की गई। तीनों शिविरों में प्राप्त 306 यूनिट रक्त जिले के जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
