पाकुड़: मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की सक्रियता रंग ला रही है। प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत पाकुड़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार को एसपी निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे।एसपी ने बताया कि जनवरी में शुरू हुए इस अभियान का मकसद तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए चोरी/गुम मोबाइल को जल्द से जल्द असली मालिक तक पहुंचाना है। इससे पहले 7 जनवरी को 5 मोबाइल बरामद कर लौटाए गए थे। ताजा कार्रवाई में महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़िया और मुफस्सिल थाना क्षेत्रों से मोबाइल रिकवर किए गए।बरामद फोन में Samsung Galaxy A54, Vivo V50, Vivo V30E, Vivo T2X, Oppo F27 Pro, Oppo A3 Pro, Oppo Reno 8, Vivo Y18, Oppo F29, Vivo V40E, Poco C3, Samsung Galaxy FES20, Vivo Y20A, Realme 12X समेत अन्य मॉडल शामिल हैं। पुलिस ने सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सभी मोबाइल संबंधित धारकों को सुपुर्द कर दिए।
तकनीकी टीम की अहम भूमिका
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि तकनीकी शाखा और CCTNS टीम की मदद से मोबाइल ट्रैकिंग तेज की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की टीमवर्क से मिली इस सफलता को प्रशासन ने बड़ी उपलब्धि बताया।



