पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां खनन क्षेत्र में चल रहे क्रशर प्लांट से निकली तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पिता और उसकी मासूम बेटी को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी 8 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान शहरपुर मौजा स्थित लोकनाथ भगत क्रशर प्लांट से निकल रही एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर खनन क्षेत्रों में बेलगाम वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
