सबसे अधिक 86.24% वोटिंग बल्लभपुर केंद्र पर;
27 फरवरी को होगी मतगणना
पाकुड़ में नगर परिषद चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन और पुलिस की सख्ती के बीच पूरे दिन मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से चलती रही।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में कुल 66.30% मतदान दर्ज किया गया। इसमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 67.61% और महिलाओं का 65.01% रहा। सर्वाधिक 86.24% मतदान केंद्र संख्या 21/01, प्राथमिक विद्यालय बल्लभपुर (पूर्वी भाग) में रिकॉर्ड किया गया।अधिकारियों के अनुसार सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। माइक्रो-ऑब्जर्वर की निगरानी में मतदान कराया गया। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना या हिंसा की सूचना नहीं मिली।
बाजार समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई मतपेटिकाएं
मतदान समाप्ति के बाद पोलिंग पार्टियां मतपेटिकाओं के साथ बाजार समिति स्थित स्ट्रांग रूम पहुंच रही हैं। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को सीलबंद कर रखा जाएगा।24 फरवरी, सुबह 11 बजे: पीठासीन पदाधिकारियों की डायरी की समीक्षा सामान्य प्रेक्षक की मौजूदगी में होगी।27 फरवरी, सुबह 8 बजे से: मतगणना शुरू होगी।मतगणना परिसर में मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर रोक रहेगी।
एसपी बोले—पूरे दिन नियंत्रण में रही स्थिति
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि मतदान को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी और लगातार गश्ती की जा रही थी। पूरे दिन विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों, पुलिस बल, मीडिया और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से लोकतंत्र का यह महापर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।


