नगरनवी रेलवे स्टेशन के पास हुआ ये दर्दनाक हादसा
पाकुड़: रामपुरहाट रेल खंड स्थित नगरनवी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम एक हृदयविदारक रेल हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक लगभग 35 वर्षीय पुरुष, करीब 30 वर्षीय महिला और तीन वर्ष की मासूम बच्ची शामिल हैं। घटना शाम करीब 7:10 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों नगरनवी के पास किसी रिश्तेदार के घर गए थे। लौटने के दौरान वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी डाउन लाइन से तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण उन्हें संभलने या हटने का मौका नहीं मिल सका और घटनास्थल पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद आसपास के गांवों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया गया। बाद में पता चला कि तीनों पाकुड़ के कली तला मोहल्ला के निवासी थे।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोग गमगीन हैं।
