रांची। मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को सदर अस्पताल रांची का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान फार्मेसी में दवाओं की अनियमितता और किचन में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वार्ड, इमरजेंसी, डिस्पेंसरी, किचन और ड्राई क्लीनिंग क्षेत्र का जायजा लिया। ओपीडी में इलाज कराने आई दो महिला मरीजों ने शिकायत की कि डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाएं डिस्पेंसरी में उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने स्वयं मरीज की पर्ची लेकर फार्मेसी में जांच की। जांच में पाया गया कि कुछ दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को नहीं दी जा रही थीं। इस पर उपायुक्त ने डिस्पेंसरी प्रभारी को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी करने और अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।किचन निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कमी मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित केयर टेकर को शो-कॉज करने का निर्देश दिया तथा किचन को पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित रखने को कहा। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वार्ड और इमरजेंसी में भी कई आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सदर अस्पताल जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है और यहां आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।



