रांची। छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों की टीम के साथ काके डैम, हटिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया।उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को छठ पर्व से पहले सभी घाटों की पूर्ण साफ-सफाई, सीढ़ियों पर जमी काई हटाने और डीडीटी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। धुर्वा डैम में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने, पर्याप्त रोशनी और महिला-पुरुषों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने को कहा। एनडीआरएफ टीम को भी सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा उपायुक्त ने मिसिर गोंदा स्थित बारह पड़हा जतरा पूजा समिति पहुंचकर जतरा मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रास्ते से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने छठ पूजा समितियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से छठव्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।





