रांची: मुख्यमंत्री Hemant Soren शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक Kalpana Soren के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ Deori Temple पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सोलहभुजी माँ दिउड़ी के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य के सभी नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री एवं उनकी धर्मपत्नी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। पूजन कार्य मंदिर के पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी ने संपन्न कराया।
मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनका अभिवादन किया और उनसे मुलाकात भी की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गौरतलब है कि तमाड़ स्थित माँ दिउड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक आस्था के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान और जुड़ाव के रूप में भी देखा जा रहा है।
