रांची: झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बैद्यनाथ राम संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं तथा राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव निर्वाचित सांसद राज्य के हक, अधिकार और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर प्रभावी भूमिका निभाते हुए झारखंड की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से प्रस्तुत करेंगे।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बैद्यनाथ राम के राजनीतिक अनुभव और सामाजिक सरोकारों की भी सराहना की। वहीं, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व और राज्य की जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
बैद्यनाथ राम ने भरोसा दिलाया कि राज्यसभा में झारखंड के विकास, आदिवासी-मूलवासी हितों, सामाजिक न्याय तथा वंचित और कमजोर वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो तथा उमाकांत रजक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुलाकात का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और सभी नेताओं ने नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
