रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ राम के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो नेता कल्पना सोरेन ने उन्हें हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं एवं जोहार दिया है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बैद्यनाथ राम लंबे समय से जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं और संगठन तथा समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सर्वविदित है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में वह झारखंड के हक, अधिकार, स्वाभिमान और विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती और प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
वहीं कल्पना सोरेन ने भी बैद्यनाथ राम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव, संघर्ष और सामाजिक सरोकार उच्च सदन में झारखंड की आवाज को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैद्यनाथ राम राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़े तथा अन्य वंचित समुदायों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी बैद्यनाथ राम की जीत पर खुशी जताते हुए इसे पार्टी और राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
