झारखंड मंत्रालय में सोमवार को मुख्यमंत्री Hemant Soren की अध्यक्षता में वित्त एवं वाणिज्य-कर विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की वित्तीय स्थिति, राजस्व संग्रह, बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य की आर्थिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राजस्व संग्रह में पारदर्शिता एवं गति लाना आवश्यक है। उन्होंने कर संग्रह प्रणाली को सुदृढ़ करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, विकास योजनाओं के लिए समय पर राशि उपलब्ध कराने तथा बजट के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने राजस्व वृद्धि, कर वसूली एवं विकास योजनाओं की प्रगति से संबंधित प्रस्तुति भी दी।
