रांची: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को मंगलवार को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह सम्मान उनके पुत्र एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहेंगी।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के लिए किए गए आजीवन संघर्ष एवं योगदान के लिए देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उनके नाम की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग भी लंबे समय से उठती रही है। झारखंड विधानसभा ने भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा था। पद्म भूषण सम्मान को उनके संघर्षपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक जीवन की बड़ी राष्ट्रीय मान्यता माना जा रहा है।
