रांची के जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से शहर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने मुलाकात कर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान पार्षदों ने शहर की मूलभूत समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपा।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि रांची को एक आदर्श एवं नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वार्ड स्तर पर सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक के दौरान वार्डों में नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी पार्षदों से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
महिला सुरक्षा को लेकर भी उपायुक्त ने गंभीरता जताई। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, स्कूलों और मोहल्लों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा हेल्पलाइन की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। बैठक में वार्ड पार्षद मोहम्मद सलाउद्दीन, शबाना खान, बबली सोनी, गजाला परवीन, बटर सिंह देओल, प्रदीप कुमार, सुनील यादव, मोहम्मद एहतेशाम और मोहम्मद असलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
