रांची। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रांची समाहरणालय का माहौल आत्मीयता और स्नेह से भर गया। गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी, रांची-1 की छात्राओं ने समाहरणालय ब्लॉक-ए परिसर में जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को हस्तनिर्मित राखी बांधी। छात्राओं ने समाहरणालय में कार्यरत जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भी राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का संदेश दिया।उपायुक्त भजन्त्री ने छात्राओं से आत्मीयता से बातचीत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को सशक्त और बेहतर बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं को पढ़ाई के लिए स्टेशनरी किट उपहार स्वरूप प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले के सरकारी स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है, ताकि बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में किसी तरह की बाधा न हो।मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक रांची बादल राज एवं संबंधित विद्यालय की शिक्षिका मौजूद थीं।
