रांची। समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में शुक्रवार को करमा पूर्व संध्या समारोह का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान समाहरणालय कर्मियों ने पारंपरिक पगड़ी और शॉल भेंट कर अधिकारियों का स्वागत किया।
समारोह में कर्मियों ने करमा गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। गीत-संगीत और नृत्य से पूरा सभागार उत्साह से भर उठा। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि करमा प्रकृति का पर्व है। झारखंड की संस्कृति, वेशभूषा, खान-पान, नृत्य और प्रकृति के प्रति लोगों का प्रेम उन्हें प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की पूजा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीना है।
उपायुक्त ने समाहरणालय कर्मियों की सांस्कृतिक सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं मांदर बजाकर उत्साह बढ़ाया। समारोह में डीडीसी संजय भगत, एसडीओ कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण सहित जिले के कई अधिकारी और समाहरणालय कर्मी उपस्थित रहे।
