रांची में जिला प्रशिक्षण के लिए योगदान देने के क्रम में 2025 बैच की आईएएस प्रोबेशनर सुश्री आस्था शरण ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात उपायुक्त कार्यालय में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
मुलाकात के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सुश्री आस्था शरण का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशिक्षण अवधि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशिक्षण भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है।
उपायुक्त ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान सुश्री आस्था शरण प्रशासनिक दायित्वों को गंभीरता से समझते हुए जनहित, विकास और सुशासन के क्षेत्र में प्रभावी योगदान देने की दिशा में अनुभव अर्जित करेंगी। वहीं, सुश्री आस्था शरण ने भी प्रशिक्षण अवधि के दौरान जिले की प्रशासनिक व्यवस्था एवं विकासात्मक गतिविधियों को समझने की इच्छा व्यक्त की।
यह मुलाकात प्रशासनिक प्रशिक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत मानी जा रही है, जिससे युवा अधिकारी को जमीनी स्तर पर शासन और विकास कार्यों की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।
