साहिबगंज-पूर्व रेलवे मालदा मंडल अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट पर दानापुर इंटरसिटी ट्रेन के आगमन के दौरान एक गंभीर लापरवाही देखने को मिली।प्लेटफॉर्म संख्या–01 पर स्थित रेल थाना के ठीक बगल से ट्रेन में सामान लोड करने के लिए ई-रिक्शा (टोटो) को सीधे प्लेटफॉर्म के अंदर घुसा दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि रेलवे द्वारा माल ढुलाई के लिए ट्रॉली की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई।इस लापरवाही के कारण ट्रेन पकड़ने पहुंचे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे-छोटे बच्चों को भीड़ और अव्यवस्था के बीच जान जोखिम में डालकर प्लेटफॉर्म पार करना पड़ा। जहां उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ट्रेन के समय ई-रिक्शा को प्लेटफॉर्म के अंदर लाना पूरी तरह गलत है।वहीं स्टेशन प्रबंधक गुड्डू कुमार साह ने बताया कि घटना के समय अपने कार्यालय में नहीं थे। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी लेकर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह घटना स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है।

