साहेबगंज_ बरहेट–बड़हरवा मुख्य पथ पर छोटा रांगा डांड़ पुल मोड़ के पास भीषण दर्दनाक सड़क हादसे में एक बच्ची समेत चार लोगों की जान चली गई ।घटना में यात्रियों से भरे ऑटो और तेल टैंकर की आमने–सामने की टक्कर हो गई। एक स्कूली बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे सहित कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को इलाज के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।इस दौरान सीएचसी में समुचित चिकित्सकीय व्यवस्था का अभाव और चिकित्सक के नहीं रहने से लोगों ने रांगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतना में जमकर बवाल काटा और तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही बड़हरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़हरवा एवं रांगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।पुलिस जब शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतकों की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के बड़ा रांगा गांव निवासी 30 वर्षीय समरा साह, घटियारी की 30 वर्षीय रंदनी सोरेन तथा डाहूजोर गांव की 6 वर्षीय शांति हेम्ब्रम व ऑटो चालक के रूप में की गई है।बताया जा रहा है कि ऑटो बरहेट से बरहड़वा की ओर जा रहा था, जबकि तेल टैंकर तेल खाली कर बरहड़वा से बरहेट की ओर लौट रहा था। सभी यात्री डहुआजोड़ चौक पर उतरने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हृदयविदारक हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
