कुरडेग प्रखंड के कुटमाकच्छार मुख्य पथ पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार टाटा कंपनी का नया हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर दरीडीह विद्यालय परिसर में जा घुसा। गनीमत यह रही कि घटना के समय स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था। तीसरे शनिवार को अवकाश होने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हाईवा ट्रक जमशेदपुर से मुंबई की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक द्वारा तेज गति से वाहन चलाए जाने के कारण कुरडेग–कुटमाकच्छार मुख्य मार्ग पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्रक सड़क से हटकर सीधे दरीडीह स्कूल की चारदीवारी से टकराया और मुख्य गेट को तोड़ते हुए विद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल का गेट और घेराबंदी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कुरडेग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी नैमन कुजूर और अंचल अधिकारी किरण डांग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, सरकार के एई रोहित साहू द्वारा क्षति का आकलन कराया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्कूल की घेराबंदी और मुख्य गेट की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी, जिसका खर्च ट्रक कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और स्कूलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि उस समय स्कूल खुला होता, तो यह हादसा कई मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ सकता था।

