झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में जंगली हाथियों की बढ़ती गतिविधियों से दहशत का माहौल बना हुआ है। चाकुलिया प्रखंड के घने वन क्षेत्रों में हाथी भोजन की तलाश में धान के खेतों की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे मानव–वन्यजीव संघर्ष गहराता जा रहा है।
वहीं, पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक उग्र हाथी ने बीते पांच दिनों में छह लोगों की जान ले ली है। ताजा घटना सोमवार सुबह गोइलकेरा प्रखंड के संत्रा वन क्षेत्र अंतर्गत मिसत्रीबेड़ा गांव में हुई, जहां हाथी ने 50 वर्षीय जोंगा लागुरी को कुचलकर मार डाला। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके पति चंद्र मोहन लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को चक्रधरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
लगातार घटनाओं से गांवों में भय व्याप्त है। वन विभाग ने लाउडस्पीकर से सतर्कता घोषणाएं शुरू की हैं और ग्रामीणों को पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं। कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि हाथी को काबू में करने के लिए पश्चिम बंगाल से विशेष टीम बुलाई गई है।
