विजयी प्रत्याशियों को मिला प्रमाण पत्र, 12 मार्च शपथ ग्रहण

पाकुड़: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हो गई। सुबह आठ बजे प्रारंभ हुई मतगणना प्रक्रिया दोपहर 12 बजे तक पूरी कर ली गई। बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र में अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के लिए डाले गए मतों की गणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी कराई गई। सभी विजयी प्रत्याशियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया।उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे निर्वाची पदाधिकारियों (आरओ), सहायक निर्वाची पदाधिकारियों (एआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी, विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों, मतगणना एजेंटों, तकनीकी कर्मियों सहित पुलिस बल, होमगार्ड, चौकीदार, मेडिकल टीम एवं मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए आभार जताया। उनके अनुसार सभी के समन्वित प्रयास से चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल रही।पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि मतगणना के दौरान लगभग 450 पुलिसकर्मियों, होमगार्ड और चौकीदारों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के कारण कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहने तक कानून का पालन करें और उत्सव का माहौल संयम के साथ बनाए रखें।उपायुक्त ने यह भी जानकारी दी कि उपाध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से निर्धारित तिथि पर कराया जाएगा। इससे पूर्व 12 मार्च को नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।नगरपालिका चुनाव की मतगणना के सफल समापन के साथ ही जिले में चुनावी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूर्ण हो गया है। प्रशासन अब शपथ ग्रहण एवं उपाध्यक्ष चुनाव की तैयारियों में जुट गया है।
