देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव में ड्राइवर दिलीप तुरी की नृशंस हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक और फॉरेंसिक तरीके से साक्ष्य जुटाते हुए मृतक की पहचान सुनिश्चित की। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बबीता देवी उर्फ पायल सिंह, पायल रजक एवं संजीव कुमार उर्फ झारू शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, मृतक दिलीप तुरी जिस महिला की गाड़ी चलाता था, उसी ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। बताया गया कि ड्राइवर महिला के निजी संबंधों की जानकारी उसके पुरुष मित्र तक पहुंचाता था, जिससे नाराज होकर महिला ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो स्कूटी, एक मारुति कार, धारदार हथियार, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।


