घटना जामताड़ा स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई। जयनगर से पुरी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलने लगा। जामताड़ा स्टेशन से ठीक पहले सहाना गांव के पास धुआं फैलते ही बोगी में बैठे यात्री दहशत में आ गए।
ट्रेन रुकते ही भयभीत यात्री अपनी-अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्री सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि अचानक धुआं निकलने लगा… हम लोग बहुत डर गए थे… लगा कि ट्रेन में आग लग गई है…”
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कुछ ही मिनटों में रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कोच की जांच शुरू की। राहत की बात यह है कि शुरुआती जांच में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। तकनीकी टीम धुएं के कारणों का पता लगाने में जुटी है। करीब आधा घंटा रोकने के बाद स्थिति नियंत्रण में आने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन अलर्ट पर है। धुआं निकलने की वास्तविक वजह क्या थी—यह जांच का विषय है।

जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………..
