पाकुड़ जिले के सिमलोंग ओपी क्षेत्र अंतर्गत छोटा कुटलो गांव में एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद गुस्से में पति द्वारा लगाई गई आग ने देखते ही देखते चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि चार परिवारों का आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, ढेणा मुर्मू (35) और उसकी पत्नी लुखीमुनि टुडू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आक्रोशित होकर ढेणा मुर्मू ने अपने ही घर में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि पड़ोसी लखीराम मुर्मू, चुनूस मुर्मू और सोनोत मुर्मू के घर भी इसकी चपेट में आ गए। कुछ ही देर में चारों घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घरों में रखा नगद, जरूरी कागजात, धान, चावल, सरसों, अरहर, कपड़े सहित सभी सामान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के सामने वे बेबस साबित हुए।इसी दौरान घर से सामान बचाने के प्रयास में छमी मुर्मू (50) की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना पर सिमलोंग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ढेणा मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई गई। बीडीओ सह सीओ संजय कुमार के निर्देश पर जोरडीहा पंचायत के मुखिया जोसेफ मालतो ने गांव पहुंचकर पीड़ितों को सांत्वना दी और दो क्विंटल चावल, वस्त्र एवं तिरपाल उपलब्ध कराया।घटना के बाद गांव में मातम और भय का माहौल है। चारों प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
