पाकुड़: जिला के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गांदुपरता गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी।मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी बेसगा पहाड़िया गांव के पास स्थित पहाड़ी नाला में मछली पकड़ने गया था। कुछ देर बाद उसने अपनी पत्नी बेदी पहाड़ीन को भी वहां बुलाया और साथ मिलकर मछली पकड़ने की बात कही।जैसे ही महिला पानी में उतरी, आरोपी ने अचानक उस पर पत्थर से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला भागकर घर की ओर जाने लगी, लेकिन पहाड़ी रास्ते में गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसे पकड़ लिया, साड़ी से उसके हाथ बांध दिए और जमीन पर गिराकर उसके सिर पर लगातार पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला जान की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी और वार करता रहा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटों को छोड़ गई है।घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। मामले में मृतका के पिता के बयान पर लिट्टीपाड़ा थाना में कांड दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी 23 वर्षीय बेसगा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की जांच कर रही है।
