देवघर जिला प्रशासन ने साइबर अपराध को लेकर जिलेवासियों को सतर्क रहने की अपील की है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा है कि सोशल मीडिया पर डीसी देवघर, जिला प्रशासन देवघर या उनके नाम से फर्जी फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को मैसेज, लिंक या फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश या लिंक पर क्लिक करने से बचें और सतर्क रहें।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन की ओर से किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से पैसे मांगने, लिंक भेजने या किसी तरह का निजी अनुरोध करने का कार्य नहीं किया जाता है। साइबर अपराधी फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास डीसी देवघर, जिला प्रशासन या अन्य सरकारी अधिकारियों के नाम से कोई संदिग्ध संदेश, कॉल, लिंक या सोशल मीडिया रिक्वेस्ट आती है, तो इसकी जानकारी तुरंत देवघर साइबर थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। साथ ही भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
वित्तीय साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते साइबर सेल द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों और फर्जी संदेशों से बचें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और जिला प्रशासन का सहयोग करें।
