बोकारो: झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो जिले के बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मो. याकूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस पदाधिकारी पर जमीन विवाद मामले की जांच के नाम पर परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी को शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, परिवादी ने वर्ष 2009 में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर स्थित खाता नंबर-01, प्लॉट नंबर-641 की 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जमीन कब्जा, धमकी और विवाद से जुड़े मामले में परिवादी ने बालीडीह थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास, पुलिस अधीक्षक बोकारो तथा उपायुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी।
आरोप है कि जांच के दौरान आरोपी एएसआई ने जमीन पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के एवज में परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी मुख्यालय रांची में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी द्वारा सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई, जिसके बाद कांड संख्या 04/2026 दर्ज कर विशेष धावा दल का गठन किया गया।
मंगलवार को एसीबी की टीम ने बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने जाल बिछाया और आरोपी एएसआई को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दंडाधिकारी एवं दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
