‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल का शुभारंभ, स्वास्थ्य तकनीकों के परीक्षण और विस्तार को मिलेगा बढ़ावा………….
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित ‘मेड-टेक इनोवेशन डे’ कार्यक्रम में भाग लेते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक और नवाचार को भविष्य की आवश्यकता बताया। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर ‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल का शुभारंभ किया।
भारतीय विकास ट्रस्ट (बीवीटी) और पीएचआईए फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों के परीक्षण, मूल्यांकन तथा व्यापक उपयोग को बढ़ावा देगी। इसके माध्यम से इनोवेटर्स और शोधकर्ताओं को वास्तविक सार्वजनिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में अपनी चिकित्सा तकनीकों का परीक्षण करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में नवाचार की अपार संभावनाएं हैं और तकनीक के माध्यम से दूर-दराज एवं आदिवासी क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि एआई, बायो-इंजीनियरिंग और रियल-टाइम डेटा भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम में प्रदर्शित आईआईटी धनबाद के पूर्व छात्रों द्वारा विकसित पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। मेडिकल कॉलेजों, एमबीबीएस एवं पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई गई है तथा डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की योजना है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों, नवाचारकर्ताओं और विकास साझेदारों ने भाग लिया। साथ ही स्वास्थ्य नवाचारों को बढ़ावा देने और उन्हें तेजी से लागू करने को लेकर दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं भी आयोजित की गईं।



