गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर हुए जानलेवा फायरिंग मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, कारतूस, बोलेरो वाहन तथा मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर अपराधियों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी। घटना के बाद पीड़ित के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जे.पी.एन. चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकित यादव, नयन कुमार यादव और अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि मुखिया अनुपम कुमार ने पूर्व में हुए शैलेन्द्र भगत हत्याकांड में गवाही दी थी। इसी रंजिश के कारण योजनाबद्ध तरीके से सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर पिस्टल से फायरिंग की गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, एक बोलेरो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव और नयन कुमार यादव के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट एवं आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान में डीएसपी जे.पी.एन. चौधरी, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी महावीर पंडित सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
